कस्बे के मुख्य बाजार स्थित दुकान पर आभूषण बनाने के लिए रखा कारीगर 30 लाख का सोना लेकर फरार हो गया। ये कारीगर अपने मालिक का 600 ग्राम सोना लेकर अपने परिचित से जेवर बनवाकर लाने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक नहीं आने पर मालिक ने उसकी तलाश शुरू कर दी। देर शाम कारीगर का पता करने वह उसके घर पहुंचा तो आसपास के लोगों ने बताया कि कारीगर अपने बच्चों को लेकर कहीं चला गया है। ये सारा सोना कस्बे के कई ज्वैलरों ने आभूषण बनाने के लिए समरैश को दिया था। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर कारीगर को नामजद कर उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
जगाधरी निवासी समरैश बैरा ने बिलासपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कस्बे के मुख्य बाजार स्थित मेडिकल स्टोर के ऊपर सोने के जेवर बनाने की दुकान है। प्रतापनगर, जगाधरी, बिलासपुर, साढौरा सहित अन्य स्थानों के सर्राफ उनसे जेवर बनवाते हैं। इसलिए आभूषण बनाने के लिए उसने दो कारीगर रखे हुए हैं। उसने बताया उसके पास जेवर बनने के लिए सोना आया हुआ था। इस दौरान उसके कारीगर पश्चिम बंगाल के दास निवासी चंदन मायती ने कहा कि वह अपने परिचित से आभूषण बनाकर ला देगा। इस दौरान कारीगर चंदन स्क्रैप, गोली, डाई, कटी हुई चैन सहित 600 ग्राम सोना आभूषण बनाने के लिए ले गया। चंदन ने शाम पांच बजे तक आभूषण तैयार करवाकर ले आने की बात कही थी। कारीगर शनिवार देर शाम आठ बजे तक भी चंदन दुकान पर नहीं लौटा तो वह उसके घर पहुंचा तो पता चला कि चंदन अपने परिवार के साथ कहीं चला गया है। पुलिस ने समरैश की शिकायत पर चंदन के खिलाफ रविवार को धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
दुकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
आशीष चौधरी , डीएसपी