संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत नगर निगम कार्यालय के सभागार में चार दिवसीय शिविर का बुधवार को मेयर मदन चौहान ने शुभारंभ किया। शिविर में सालाना एक लाख रुपये से कम आय वाले 109 परिवारों में से पहले सात वार्डों के 38 परिवारों को आमंत्रित किया गया था। शिविर में पहुंचे लाभपात्र परिवारों को योजना का लाभ देने के लिए उनके आवेदन भरवाए गए। शिविर के पहले दिन केवल पांच लोगों ने आवेदन किया।
मेयर ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के उत्थान के लिए बनाई गई प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। प्रदेश में कई नागरिक ऐसे हैं जो बेरोजगार हैं या फिर उनकी आय बहुत कम है, जिसके कारण उन्हें विभिन्न प्रकार की आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा यह योजना आरंभ की गई है। इस योजना के माध्यम से उन परिवारों की आय में वृद्धि करने का प्रयास किया जाएगा, जिनकी आय सालाना एक लाख रुपये से कम है। इस योजना के माध्यम से नगर निगम एरिया में कुल 109 लाभपात्र हैं, जिनके पहचान पत्र बनवाए जाने के लिए यह शिविर लगाया गया है।
इन पहचान पत्रों के माध्यम से हरियाणा सरकार के पास इस योजना के अंतर्गत आने वाले सभी लाभार्थियों का अभिलेख आ जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से विभिन्न प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण भी बेरोजगार नागरिकों को प्रदान किए जाएंगे। जिससे कि वह रोजगार प्राप्त कर सकें। शिविर में पहले दिन 22 विभागों के अधिकारियों ने जांच कर पांच पात्रों के आवेदन भरे। साथ ही उन्हें सरकार की अनेक योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
उप निगम आयुक्त अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को वार्ड नंबर एक से सात तक के 38 लाभ पात्रों को बुलाया गया था। इनमें से पांच पात्र शिविर में पहुंचे। 5 अगस्त को वार्ड नंबर 8 से 11 के 16 लाभ पात्रों, 6 अगस्त को वार्ड नंबर 12 से 16 के 40 परिवार और 9 अगस्त को वार्ड नंबर 17 से 22 तक के 15 लाभपात्र परिवारों के पहचान पत्र बनाने के लिए आवेदन भरवाए जाएंगे। इस मौके पर क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, हरीश, विक्की, एलडीएम ऑफिस से अमित कुमार, श्रम विभाग से अजीत सिंह, जसविंद्र सिंह, टोनी, किरण पाल, सुभाष चंद आदि मौजूद रहे।