यमुनानगर। नगर निगम एरिया में सफाई कर्मियों की कमी में पहले से सफाई व्यवस्था बेहाल है, उधर सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर हुई पेन डाउन, टूल डाउन हड़ताल के पहले दिन एक साथ 539 कर्मी काम पर नहीं आए, जिन्हें हड़ताल पर माना गया। इन पर कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने की तैयारी है, किंतु आधे से ज्यादा कर्मचारियों के काम न करने से जिले की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई।
कुल 746 में से काम पर रहे महज 187 कर्मियों के सहारे निगम अफसर चुनिंदा गलियां व सड़कें ही साफ करवा पाएं जबकि बाकी जगह रात में बारिश व तूफान से जगह-जगह गंदगी फैली दिखी। साथ ही ठेका खत्म होने से नगर निगम के जिम्मे आया डोर टू डोर कचरा उठान का भी हड़ताल के बीच नहीं हुआ।
पुराने आउटसोर्स चालक बुलाए फिर जेसीबी-ट्रॉलियों से उठा कचरा
सोमवार को शहर में कचरे की सफाई व उठान का काम नगर निगम अफसरों के लिए चुनौती बन गया। क्योंकि पहले ही 1700 की मांग में 746 कर्मी थे, उसमें भी 539 काम पर नहीं आए। 187 कर्मियों को काम पर लगाया, पर इतने कम कर्मियों के सहारे कुछ एरिया में ही कचरा साफ हो पाया। कचरे के उठान के लिए भी पुराने आउटसोर्स पर लगे पांच चालक भी बुलाने पड़े। इन समेत करीब 55 चालकों से जेसीबी व ट्रैक्टर ट्रॉलियों से कुछ सड़कों से कचरा उठान हुआ।
एस्मा की चेतावनी के बाद भी नहीं आए 70 दमकलकर्मी
दमकल विभाग के महानिदेशक की ओर से पत्र जारी कर हड़ताल के दौरान काम पर न आने वाले दमकल कर्मियों पर एस्मा के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके जिले में 70 दमकलकर्मी काम पर नहीं आए। बता दें कि दमकल विभाग के 22 रेगुलर कर्मी काम पर रहे। कांट्रेक्ट के 96 में से 26 काम पर और 70 छुट्टी पर थे। गनीमत रही कि सोमवार को आगजनी की कोई बड़ी घटना नहीं हुई, जिससे स्टाफ कमी में परेशानी नहीं आई।
आज भी रहेगी हड़ताल, नाइट स्वीपिंग से सुधार की जुगत
नगरपालिका कर्मचारी संघ की ओर से दो दिन की पेन डाउन टूल डाउन हड़ताल का आह्वान है। इसलिए मंगलवार को नगर निगम के सफाई व दमकलकर्मी हड़ताल पर रहने का ऐलान कर चुके हैं। इससे शहर में सफाई व्यवस्था और चरमराएगी। सीएसआई सुरेंद्र चोपड़ा ने कहा कि सोमवार की सुबह जो 187 कर्मी काम पर थे, उनसे सफाई कराई। पांच पुराने आउटसोर्स चालक बुलाए और अपने 50 चालकों की मदद से जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कचरा उठान कराया। मंगलवार को भी कर्मियों की हड़ताल पता चली है, इसलिए सोमवार रात ठेके पर चल रही नाइट स्वीपिंग से सफाई व कचरा उठान की व्यवस्था सुधारेंगे।