साढौरा। सब्जी मंडी में आढ़ती को देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आढ़ती सिकंदर सैनी ने राजू सैनी और उसके साथियों पर गाली-गलौज करने, धमकाने और हथियार दिखाने के आरोप में पुलिस को शिकायत दी है। वहीं, आढ़ती ने उसने अपनी और परिवार की जानमाल की सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में सिकंदर सैनी ने बताया कि 16 नवंबर को राजू सैनी नशे में सब्जी मंडी पहुंचा और उसके साथ बेवजह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि 17 नवंबर की रात को राजू सैनी अपने साथ करीब 15 से 20 अन्य लोगों को लेकर उसकी आढ़त की दुकान पर पहुंचा। वहां उन लोगों ने फिर से गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान राजू सैनी ने देसी कट्टा दिखाकर उसे धमकाया। सिकंदर सैनी के अनुसार मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी यह घटना देखी। अनहोनी की आशंका के चलते वह वहां से अपने घर चला गया। इसके बाद भी आरोपी ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राजू सैनी स्वयं को सत्ता दल के बड़े मंत्री का रिश्तेदार बताता है। सिकंदर सैनी ने दावा किया कि दोनों घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज और फोन कॉल का रिकॉर्ड उसके पास मौजूद है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना साढौरा प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने सिकंदर के आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस फुटेज सहित अन्य तरीकों से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद