यमुनानगर। ऑल इंडिया हॉलीडे प्राइवेट लिमिटेड टूरिस्ट कंपनी ने शिवपुरी-ए कॉलोनी निवासी मोहित सैनी से दुबई घुमाने के नाम पर 61580 रुपये ठग लिए। फ्लाइट की टिकट और दुबई में घुमाने के लिए कंपनी ने कुल 83 हजार रुपये का खर्च बताया था। एडवांस में 61,580 रुपये लेकर कंपनी वाले फरार हो गए। पता चलने पर मोहित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शिवपुरी-ए कॉलोनी निवासी मोहित सैनी ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले पहले वह टूरिस्ट पैकेज के लिए गूगल पर ऑनलाइन खोज कर रहा था। इस दौरान वह ऑल इंडिया हॉलीडे प्राइवेट लिमिटेड टूरिस्ट कंपनी के संपर्क में आया। उसने फोन पर कंपनी की कर्मचारी से बात की। कर्मचारी ने अपना नाम वंदना बताया। वंदना ने उसे बताया कि कंपनी के पास छुट्टियों में विदेश घुमाने के लिए कई सस्ते पैकेज है। इन दिनों कंपनी का एक पैकेज बहुत ही अच्छा चल रहा है। इसमें 83 हजार रुपये में फ्लाइट की टिकट और दुबई में घुमाने का प्रावधान है। कर्मचारी की बातों में आकर उसने यह पैकेज लेने के लिए हां कर दी। कर्मचारी ने उसे एडवांस में 61580 रुपये भेजने को कहा। 29 नवंबर 2021 को उसने अपने बैंक अकाउंट से 61580 रुपये महिला के गूगल-पे नंबर पर भेज दिए।
29 दिसंबर तक महिला उसे झूठे आश्वासन देती रही। इसके बाद उसने बताया कि कंपनी सबके पैसे लेकर भाग चुकी है। कंपनी के किसी भी सीनियर अधिकारी से उसकी बातचीत नहीं हो रही है। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांधी नगर थाना प्रभारी भूपेंद्र राणा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।