संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आईटीआई प्रवेश प्रक्रिया का पहला ऑनलाइन चरण मंगलवार को पूरा हो गया। अंतिम दिन होने के कारण जिले की सबसे बड़ी व नोडल आईटीआई में विद्यार्थियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। पहले चरण की समाप्ति के बाद नोडल आईटीआई की वरीयता सूची में अलॉट सीटों में 381 सीटें खाली रह गई हैं।
पहली सूची में कुल आवंटित में से 333 सीटों पर दाखिले हुए हैं। वहीं, सीट पाने 146 विद्यार्थियों ने अंतिम दिन मंगलवार को संस्थान पहुंचकर दाखिला ले लिया। इसके साथ आईटीआई का पहला ऑनलाइन चरण समाप्त हो गया है। वहीं, विद्यार्थियों के पास अभी फीस भरने का अंतिम दिन शेष है। विद्यार्थी बुधवार तक फीस जमा करवा सकते हैं।
इस दौरान फीस जमा न करवाने वाले विद्यार्थियों का दाखिला रद्द कर दिया जाएगा है। पहले चरण में सबसे ज्यादा दाखिले कोपा, इलेक्ट्रक्लि ड्यूल और वेल्डर ट्रेड में हुए हैं। इसके बाद 23 जुलाई से दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दूसरे ऑनलाइन चरण की प्रक्रिया एक अगस्त तक चलेगी। वहीं, पहले चरण में रिक्त रह गई सीटों को दूसरे चरण में शामिल किया जाएगा।
पहली वरीयता सूची में कुल 714 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई थी। इसके बाद पहले दिन कुल आठ विद्यार्थियों ने दाखिला लिया था। इसके बाद दूसरे दिन 51 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहा। वहीं, सोमवार को तीसरे दिन 128 विद्यार्थियों दाखिला लिया था।
पहले चरण में कुल 333 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इसके बाद अब इस चरण की 381 सीटें रिक्त रह गई हैं। वहीं, नोडल आईटीआई की कुल 1348 में 333 पर दाखिले होने के बाद 1,015 सीटें अभी रिक्त हैं। इसके लिए ऑनलाइन प्रक्रिया के तीन चरण चलाए जाएंगे।
दूसरी वरीयता सूची 28 को होगी जारी
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के शेड्यूल के अनुसार दाखिला प्रक्रिया का दूसरा चरण 23 जुलाई को शुरू होगा। इसके तहत 23 को पोर्टल पर रिक्त सीटों की संख्या दिखाई जाएगी। इसके बाद 26 जुलाई तक विद्यार्थी अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद 28 को दूसरी वरीयता सूची जारी की जाएगी। दूसरी सूची में स्थान पाने विद्यार्थियों के दस्तावेजों की 31 जुलाई तक जांच की जाएगी। वहीं, फीस जमा करने का एक दिन अतिरिक्त मिलेगा और एक अगस्त तक फीस जमा की सकेगी।
पहले चरण में 333 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। प्रक्रिया का दूसरा ऑनलाइन चरण 23 जुलाई से शुरू होगा और 28 जुलाई को वरीयता सूची जारी की जाएगी। संस्थान में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी प्रबंध किए गए हैं। - भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।