सिरसा निवासी एक व्यक्ति ने सरकारी स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर लगवाने के नाम पर दो युवकों और एक युवती से 38 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने तीनों युवाओं को पंचकूला शिक्षा सदन में प्रशिक्षण भी दिलवाया, लेकिन ज्वाइनिंग करवाने के नाम पर बहाने बनाने लगा। पुलिस ने जांच के बाद व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
करनाल के गांव बदरपुर निवासी देवीलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अंबाला के गांव थंबड़ निवासी राकेश कुमार के साथ शहर की इज्जैक कंपनी में ठेकेदारी का काम करता है। दोनों शहर के रामपुरा क्षेत्र में किराए पर रहते थे। फरवरी माह में उनके पास सिरसा निवासी गौरव आया। वह कुछ दिन तक उनके साथ कमरे पर रहा। इस दौरान उसने उन्हें बताया कि वह उन्हें शिक्षा बोर्ड पंचकूला कार्यालय के माध्यम से सरकारी स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर लगवा देगा। उनका वेतन भी 26700 रुपये प्रति माह होगा। वे आरोपी की बातों में आ गए। इस दौरान आरोपी उसे, राकेश और चंडीगढ़ सेक्टर-40 निवासी पूनम कुमारी को लेकर सेक्टर-2 पंचकूला में शिक्षा सदन में गया। वहां उनके साक्षात्कार लिए गए। इस दौरान उनसे पांच लाख रुपये प्रति व्यक्ति की मांग की। चार लाख रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से रुपये देना तय हुआ। इसके कुछ दिन बाद आरोपी उनके पास आया और कहा कि उनका काम हो गया। तब आरोपी ने उन्हें ज्वाइनिंग लेटर भी दिखाए। इसके बाद तीनों ने आरोपी को 38 लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने उनको पंचकूला सेक्टर-11 स्थित एससीओ नंबर-37 की दूसरी मंजिल पर 20 दिन का प्रशिक्षण भी दिलाया, लेकिन ज्वाइनिंग नहीं करवाई। इसके बाद उन्होंने आरोपी से अपने पैसे मांगे तो वह बहाने बनाने लगा। परेशान होकर उसने पुलिस में शिकायत दी।
शहर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि आर्थिक सैल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।