प्रतापनगर। खंड के लाभार्थियों के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत द्वितीय चरण में एक दिवसीय ऋण मेला अनाज मंडी में लगाया गया। एडीसी रणजीत कौर ने बताया कि अंत्योदय की भावना से ही जरूरतमंद को लाभांवित किया जा सकता है।
एडीसी ने बताया कि स्वरोजगार के लिए कृषि, मत्स्य, पशुपालन व डेयरी जैसे व्यापारिक, औद्योगिक क्षेत्रों में व्यवसाय के साथ कौशलता में निपुण करने के लिए कंप्यूटर, चालक, सिलाई कढ़ाई के प्रशिक्षण भी शामिल हैं। उन्होंने मेला में लगे विभिन्न विभागों की योजनाओं को दर्शाते स्टॉलों का अवलोकन किया। बिलासपुर एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने बताया कि जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख से कम हैं और उनकी आय एक लाख 80 हजार रुपये तक बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है। गरीब परिवारों की आय बढ़ाने के लिए सभी विभागों व बैंकों को एक छत के निचे लाकर लाभार्थियों को सब्सिडी सहित ऋण के रूप में आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। खंड छछरौली व प्रतापनगर से 268 लाभार्थी मेले में पहुंचे। मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना मेलों के नोडल अधिकारी एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि चार मार्च को जगाधरी खंड के लाभार्थियों के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला बीडीपीओ कार्यालय जगाधरी में लगाया जाएगा। मौके पर जिला सूचना अधिकारी अरविंद्र जोत सिंह वालिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह मौजूद रहे।