संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। 134ए के तहत विद्यार्थियों ने रविवार को आठ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी। परीक्षा में 2668 विद्यार्थियों को हिस्सा लेना था। वहीं 243 विद्यार्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चली। शिक्षा विभाग की तरफ से बनाई गई टीमों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा परिणाम 10 दिसंबर को घोषित होगा और 13 दिसंबर को ड्रॉ निकालने की प्रक्रिया होगी। विद्यार्थियों को बिना मास्क के प्रवेश करने नहीं दिया गया।
बिलासपुर, छछरौली, सरस्वती नगर, रादौर व साढौरा में दूसरी से नवीं कक्षा तक की परीक्षा राजकीय माडल संस्कृति स्कूल में, जगाधरी ब्लाक के राजकीय मॉडल संस्कृति सीसे स्कूल कैंप में दूसरी व तीसरी कक्षा, राजकीय कन्या सीसे स्कूल सब्जी मंडी में चौथी व पांचवीं कक्षा और राजकीय मॉडल संस्कृति सीसे स्कूल जगाधरी में छठी से नवीं कक्षा की परीक्षा हुई।
ब्लॉक जगाधरी में 1716 विद्यार्थियों को परीक्षा देनी थी, मगर इसमें 1554 दे पाए, जबकि 162 अनुपस्थित रहे। बिलासपुर में 222 को ने परीक्षा देनी थी, इनमें 199 ही दे पाए, जबकि 23 अनुपस्थित रहे। रादौर में 158 को परीक्षा देनी थी। यहां 11 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। साढौरा में 147 विद्यार्थियों में से 19 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। सरस्वती नगर में 269 में से 18 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं ब्लॉक छछरौली में 156 में से 146 विद्यार्थी पहुंचे और 10 गैरहाजिर रहे।
आठ परीक्षा केंद्रों पर 2668 में से 2425 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। 243 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा तीन घंटे की हुई है। केंद्रों पर नजर रखने के लिए टीमों ने अलग-अलग केंद्रों पर जाकर निरीक्षण किया। - शिवकुमार धीमान, उप जिला शिक्षा अधिकारी।