रादौर। बुलेट बाइक से पटाखे बजाने पर दिवाली की रात गांव नागल में दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने जमकर एक-दूसरे पर पथराव किया। यहीं नहीं दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी और डंडों से भी हमला किया, जिसके चलते लगभग 12 लोग घायल हो गए।
विवाद ज्यादा बढ़ता देख किसी ने जठलाना थाना पुलिस केे इसकी सूचना दी। इस पर डीएसपी रादौर रजत गुलिया और जठलाना थाना प्रभारी धर्मपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को तितर-बितर किया। वहीं घायलों अस्पताल पहुंचाया गया। गांव के दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस बल तैनात किया गया है। दो समुदायों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस शिकायतों की जांच कर रही है।
विज्ञापन
गांव नागल में दिवाली की रात दो युवक बुलेट बाइक से पटाखे बजाते हुए निकल रहे थे। इसी दौरान विशेष समुदाय के युवकों ने उन्हें रोककर पटाखे न बजाने का आग्रह कर चाबी को निकाल लिया। इस पर दूसरे समुदाय के युवकों को गुस्सा आ गया और उन्होंने अपने साथी बुला लिए। इसी बात पर विवाद खड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई दोनों समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू करते हुए लाठी-डंडे निकाल लिए। ऐसे में दोनों समुदाय के लोगों में जमकर झगड़ा हुआ। पत्थरबाजी और डंडों से हमले में 12 लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के पांच और दूसरे पक्ष के सात लोग शामिल हैं।
डीएसपी ने बनाई पीस कमेटी
मामले को लेकर शुक्रवार को जठलाना थाना में दोनों समुदायों के लोगों की डीएसपी रादौर रजत गुलिया की अगुवाई में बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसपी रजत गुलिया ने दोनों समुदायों के लोगों को गांव में शांति रखने के लिए पीस कमेटी का गठन करने का आह्वान किया। इस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताते हुए जल्द पीस कमेटी बनाने की बात कही। पुलिस ने गांव में शांति बरकरार रखने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया है। डीएसपी गुलिया के मुताबिक दोनो पक्षों की ओर से शिकायत दी गई है। शिकायतों की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।