हरियाणा में टोहाना के गांव अमानी में जोहड़ में डूबने से एक युवक की मौत हो गई।
गांव अमानी निवासी 20 वर्षीय पवन कुमार मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह वह घर से मजदूरी के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि रास्ते में वह जोहड़ पर हाथ धो रहा था तभी उसका पैर फिसला और वह जोहड़ में जा गिरा।
जोहड़ में गाद में फंसने से पवन कुमार बाहर नहीं निकल पाया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। गांव के लोग जब पशुओं को पानी पिलाने के लिए जोहड़ पहुंचे तो उन्होंने पवन के शव को पानी में तैरते पाया।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सरपंच और पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और शव को जोहड़ से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।