हरियाणा में वाहनों का पंजीकरण महंगा हो गया है। रोड टैक्स की दरें बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में दरें बढ़ाने को मंजूरी दी गई।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 20,000 रुपये तक की कीमत के दो पहिया वाहनों पर रोड टैक्स पहले वाला दो फीसदी ही रहेगा जबकि 20,000 रुपये से 60,000 रुपये तक की कीमत के दो पहिया वाहनों को दो के बजाय चार फीसदी रोड टैक्स लगेगा। 60,000 हजार से 2,00,000 रुपये तक कीमत के दो पहिया वाहनों पर चार के बजाय छह फीसदी, दो लाख से अधिक कीमत के दोपहिया वाहनों पर पांच के बजाय आठ फीसदी रोड टैक्स लगेगा।
छह लाख रुपये कीमत तक की कार पर दो के बजाय तीन फीसदी, छह लाख रुपये से दस लाख रुपये तक पर चार के बजाय छह फीसदी, 10 लाख रुपये से 20 लाख रुपये तक की कीमत पर छह के बजाय आठ फीसदी और 20 लाख रुपये से अधिक कीमत की कार पर आठ के बजाय नौ फीसदी रोड टैक्स लगेगा। प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब सरकार चार पहिया वाहनों पर न्यूनतम छह फीसदी रोड टैक्स वसूल रही है।
चंडीगढ़ प्रशासन के पास भी रोड टैक्स बढ़ाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। दिल्ली सरकार द्वारा वसूल की जा रही रोड टैक्स की दरें भी ज्यादा हैं। संशोधन के बाद हरियाणा सरकार द्वारा वसूल की जाने वाली रोड टैक्स की दर पड़ोसी राज्यों में प्रचलित दरों की तुलना में कम रहेगी।
बीड़ी पर पांच फीसदी वैट लगा
मंत्रिमंडल ने बीड़ी पर पांच फीसदी वैट लगाने को मंजूरी दी है। प्रवक्ता ने बताया कि उपभोक्ताओं में स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न करने वाली ‘बीड़ी’ की खपत को हतोत्साहित करने के लिए वैट लगाया गया है।
अब ये होंगी रोड टैक्स की दरें
वाहन कीमत नया टैक्स
टू व्हीलर 20 हजार तक 2 फीसदी
टू व्हीलर 20 से 60 हजार 4 फीसदी
टू व्हीलर 60 से 2 लाख 6 फीसदी
टू व्हीलर 2 लाख से अधिक 8 फीसदी
फोर व्हीलर 6 लाख तक 3 फीसदी
फोर व्हीलर 6 से 10 लाख 6 फीसदी
फोर व्हीलर 10 से 20 लाख 8 फीसदी
फोर व्हीलर 20 लाख से अधिक 9 फीसदी