क्षेत्र के गांव गिगोरानी के पास सोमवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार गांव खेड़ी निवासी राजेश कुमार और कुलदीप की मौत हो गई जबकि अनिल कुमार और राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिरसा के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव खेड़ी निवासी राजेश (19) पुत्र जगदीश, कुलदीप पुत्र काशीराम, अनिल कुमार और राकेश कुमार सोमवार को नाथूसरी चौपटा स्थित आईटीआई में पढ़ने आए थे जब वे गांव जाने के लिए बस की प्रतीक्षा कर रहे थे तभी खेड़ी निवासी एक व्यक्ति का फोन उनके पास आया।
फोन करने वाले ने चौपटा में एक व्यक्ति के घर खड़ी उसकी कार लेकर आने के लिए कहा। चाराें युवक इसी कार में खेड़ी जा रहे थे। कार को अनिल चला रहा था। गांव गिगारोनी के पास कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
लोगों ने कार सवारों को बाहर निकाला। उनकी पहचान बैग में रखे उनके परिचय पत्र से हुई। हादसे की सूचना युवकों के परिजनों को दी गई। राजेश कुमार और कुलदीप की मौके पर मौत हो गई, अनिल और राकेश को गंभीर अवस्था में सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जांच अधिकारी एसआई सुखदेव सिंह के अनुसार मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।