पर्वतीया कॉलोनी के साइबर कैफे में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगाें को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
पैसे के लेनदेन को लेकर हुई कहासुनी में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। दो जनवरी शाम को पर्वतीय कॉलोनी में रहने वाला संजय डबुआ कॉलोनी में रहने वाले अपने दोस्त रमेश के साथ सारन स्कूल रोड पर स्थित उसके साइबर कैफे पर बैठा था। एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंच गए। तीनों ने संजय से पूछा कि यह दुकान तुमने ली है। संजय के स्वीकार करने पर तीनों उसे बाहर बुला लाए।
आरोप है कि एक युवक ने संजय की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। जबकि दूसरे युवक ने सीधा संजय की छाती पर फायर कर दिया। गोली लगते ही संजय खून से लथपथ होकर गिर गया था। तीनों युवक बाइक से हवा में फायर कर फरार हो गए थे। संजय को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
बुधवार को पुलिस ने इस मामले में छानबीन करने के बाद पर्वतीया कॉलोनी में रहने वाले हंसराज व सेक्टर-23 में रहने वाले पंकज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अपने तीसरे साथी जीवन नगर निवासी राजेश के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
सारन थाना इंचार्ज हेमंत कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि आरोपियों को किसी व्यक्ति से पैसों का लेनदेन करना था जिसके संबंध में वह पूछताछ करने के लिए साइबर कैफे पर गए थे। वहां पर पूछताछ करने के दौरान संजय से कहासुनी होने पर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।