झज्जर के छोटे बाईपास स्थित बिरधाना मोड़ पर गुरुवार शाम को एक अनियंत्रित ओवरलोड डंपर बाइक पर पलट गया, जिससे बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
खेत से लौट रहे थे घर
जानकारी के मुताबिक, बेरी गेट निवासी महिपाल (34) और विनोद (50) दोनों गुरुवार शाम को खेत से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बिरधाना मोड़ के पास पहुंचे तो शहर की तरफ से तेज गति से आ रहा रेत से भरा डंपर अनियंत्रित होकर उनकी बाइक पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक डंपर और रेत के नीचे दब गए।
आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और बुलडोजर मंगवाए गए। बुलडोजर की मदद से रेत हटवाकर युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम होगा।
लोगों की भीड़ हुई जमा
हादसा होने के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने शवों को बाहर निकलवाने में मदद की। वहीं साथ ही मांग की कि ओवरलोड वाहनों के कारण यहां हादसे होते रहते हैं, इसलिए यहां पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं।