हरियाणा के जिला फतेहाबाद के हिसार रोड पर निजी आवासीय कालोनी सोमा टाउनशिप ने बिना अनुमति नहर पर पुल बना दिया।
इसके लिए न तो जिला प्रशासन और न ही सिंचाई विभाग से अनुमति ली। सिंचाई विभाग के एसडीओ ने सोमा टाउनशिप के अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में नहरी विभाग के एसडीओ देवेन्द्र सारस्वत ने बताया कि फतेहाबाद शहर में नेशनल हाईवे पर सोमा न्यू टाउन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से कॉलोनी विकसित की जा रही है।
इसी कॉलोनी के साथ विभाग की एक नहर जा रही है। उन्हाेंने बताया कि कंपनी के क्षेत्रीय कार्यालय सफदरगंज दिल्ली के अधिकारी एवं फतेहाबाद प्रभारी गौरव कटोच ने इस नहर पर बिना विभाग की परमिशन के नहर को तोड़कर उस पर पुलिया बनवा दी।
एसडीओ ने बताया कि कंपनी के अधिकारी ने सरकारी प्रॉपर्टी का नुकसान पहुंचाया है। इस पर पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर गौरव कटोच के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।