हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना कस्बे में जींद रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के पास निवार फैक्टरी में बुधवार दोपहर को शॉर्ट सर्किट से लगी आग में झुलसने से संचालक के भाई की मौत हो गई। आग लगने से भाई के फैक्टरी में फंसने की जानकारी पर अंदर गया संचालक भी झुलस गया। मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।
अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी। टीम ने आग पर काबू पाया। सूचना मिलने के बाद एसडीएम आशीष वशिष्ठ, डीएसपी मुकेश कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
गांव गढ़ी उजाले खां निवासी मनोज ने जींद रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के निकट भवन को किराये पर लेकर एक साल पहले आरएस टेक्सटाइल के नाम से निवार फैक्टरी लगाई थी। फैक्टरी को मनोज संभालते हैं और उनका छोटा भाई संजय (20) उनकी मदद करता था। उनके साथ ही चार-पांच लोग काम करते थे।
बुधवार दोपहर मनोज किसी काम से घर चला गया था। दोपहर एक बजे लंच ब्रेक होने पर कामगार खाना खाने चले गए। फैक्टरी में संजय और उत्तर प्रदेश के औरैया का रहने वाला उमा शंकर काम करते रहे। इसी दौरान मशीन के पंखे के निकट शार्ट-सर्किट से आग लग गई। संजय और उमा शंकर ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग तेज होने के कारण पूरी फैक्टरी में फैल गई।
यह भी पढ़ें : डबल मर्डर: दिल्ली पुलिस के ASI ने पहले प्रेमिका के आशिक को मारा, खुद को मरा दिखाने के लिए दोस्त को जिंदा जलाया
इस पर उमाशंकर बाहर निकल गए और संजय ऊपर चढ़ गए। वह पहली मंजिल पर पहुंचे तो धुएं में दम घुटने से बेसुध हो गए। बाद में आग फैलने से वह झुलस गए। सूचना मिलने के बाद दमकल केंद्र की टीम दो फायर ब्रिगेड की गाड़ी लेकर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया।
उसी समय मनोज और उसका साला भीम भी मौके पर पहुंच गया। आग पर थोड़ा नियंत्रण होने के बाद केंद्र का कर्मचारी और तीन युवक अंदर गए और संजय को बाहर निकाला। उसे अस्पताल लेकर गए तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मनोज भी भाई को बचाने की कोशिश में थोड़ा झुलस गया।
आग में भाई को खोने के साथ ही मनोज को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। संजय अविवाहित था। आग लगने की घटना के बाद एसडीएम आशीष वशिष्ठ, डीएसपी मुकेश कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।