खरखौदा। शहर के एक फिलिंग स्टेशन से ड्यूटी खत्म कर दोस्त की शादी में जाने के लिए निकले युवक की खांडा मार्ग पर सड़क हादसे में मौत हो गई। उसका शव रविवार सुबह उसके गांव झरोठ से 1 किलोमीटर दूर पड़ा मिला। युवक की बाइक भी शव के पास पड़ी थी।
गांव झरोठ निवासी हवा सिंह ने बताया कि शनिवार को उसका बेटा जोगिंद्र रोहतक-सोनीपत रोड पर खरखौदा स्थित पेट्रोल पंप पर ड्यूटी देने गया था। वह दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक ड्यूटी करके रात को गांव खांडा में अपने दोस्त के पास शादी में गया था। उसके बाद वह वापस नहीं आया। रविवार सुबह उसके पास संजय ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचा तो उसके बेटे का शव सड़क पर पड़ा था और बाइक भी पास ही पड़ी थी। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।