राई (सोनीपत)। गांव मुकीनपुर में पिता के दोस्त से प्रेम विवाह करने वाली युवती की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार उसके रिश्ते के भाई को पुलिस ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं पुलिस ने युवती के पिता की रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
गांव मुकीनपुर की कनिका ने पिता विजयपाल के दोस्त वेदप्रकाश से प्रेम विवाह किया था। जिससे नाराज होकर उसके पिता ने बेटी को 6 जुलाई को बहाने से बुलाकर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में शव को मेरठ में गंगनहर में फेंक दिया था। पुलिस ने विजयपाल से रिमांड के दौरान वारदात में प्रयुक्त कार, मंगलसूत्र, सलीमसर माजरा के पास जलाए गए बेटी के सामान के अवशेष बरामद किए हैं।
वीरेंद्र को लेकर निशानदेही कराएगी पुलिस
पुलिस टीम आरोपी वीरेंद्र को लेकर वारदातस्थल व शव को खुर्द-बुर्द करने के स्थान की निशानदेही कराएगी। पुलिस आरोपी को लेकर खेड़ी दकमन के साथ ही गंगनहर पर भी ले जाएगी।
वर्जन
युवती की हत्या कर शव को गंगनहर में फेंककर खुर्द-बुर्द करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लिया है। युवती के पिता को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
- बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, राई।