जीटी रोड पर गांव गढी गुलामा (पांची गुजरान) गांव के निकट ट्रक और वैन की भिड़ंत में वैन चालक की मौत हो गई जबकि उसकी मां, बहन और भांजा-भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां पर चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखी तो उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कर्रवाई शुरू कर दी है।
मोहाना के गांव सलारपुर माजरा निवासी प्रभात मंगलवार को अपनी मां सुमित्रा और छुट्टियों के दौरान मायके आई बहन सुमन को बच्चों के लिए कपड़ों की खरीदारी कराने के लिए पानीपत ले गया था।
पानीपत से कपड़ों की खरीदारी करने के बाद जब वह लौट रहे थे तो गांव गढ़ी कलां (पांची गुजरान) के पास जीटी रोड के बीचोंबीच एक ट्रक बगैर कोई इंडीकेटर, पार्किंग लाइट खड़ा था।
अंधेरे में दिखाई नहीं देने के चलते वैन ट्रक से जा टकराई। हादसे में प्रभात की मौके पर ही मौत हो गई और प्रभात की माता सुमित्रा, बहन सुमन, भांजी खुशी व भांजा प्रथम गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर पहुंचा तो उसने अपना नाम अवतार सिंह निवासी होशियापुर पंजाब बताया। घटना के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित होने लगी तो ट्रक चालक फरार हो गया।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर जीटी रोड गन्नौर चौकी प्रभारी सवित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उन्हें गंभीर हालत के चलते दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने प्रभात के चचेरे भाई सुशील के बयान पर ट्रक चालक होशियारपुर पंजाब निवासी अवतार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।