विधायक अभय चौटाला ने राई क्षेत्र में अधूरी रही परिवर्तन यात्रा को पूरा किया। विधायक बोले कि भाजपा सरकार बृजभूषण पर कार्रवाई से डरती है, उन्होंने कहा कि खापों से न्योता मिला तो पंचायत में जाऊंगा।
हरियाणा में इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरनारत पहलवानों के मामले में सरकार को समझाना है तो खाप व संगठन दिल्ली को चारों तरफ से बंद कर दें। शाम तक ही सरकार की समझ में आ जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने सांसद को बचाने में लगी हैं।
विज्ञापन
वह शुक्रवार को राई के 6 गांवों में परिवर्तन पदयात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस तरीके से कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण पर कार्रवाई नहीं करेगी। बृजभूषण सिंह शरण पर कार्रवाई करने पर भाजपा को चिंता है कि वह तीन से चार लोकसभा सीटों को प्रभावित कर सकता है।
साथ ही कहा कि जंतर-मंतर पर सालों धरने चलते रहते हैं। इन धरनों से सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ता। सरकार तभी जागेगी जब दिल्ली को चौतरफा बंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खापों व किसानों ने सरकार को 21 मई तक का अल्टीमेटम दिया है, इससे पहले सभी दलों के साथ खापों ने पंचायत करने का निर्णय लिया है। अगर उन्हें पंचायत में बुलाया गया तो वह जरूर जाएंगे और दिल्ली को चौतरफा बंद करने की सलाह देंगे।
विज्ञापन
विधायक अभय सिंह चौटाला प्रदेश में गठबंधन सरकार को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री साफ तौर पर कह चुके हैं कि हरियाणा में भाजपा की सरकार है, जबकि जजपा केवल सहयोगी है। इतना जलील करने पर दुष्यंत चौटाला राज से चिपके हुए हैं।
दुष्यंत को पता है कि कुछ भी बोलने पर भाजपा उसे जेल में डाल देगी। साथ ही उन्होंने कहा वह मुख्यमंत्री के गांव निंदाना में गए थे, जहां पर पेयजल तक के इंतजाम नहीं हैं। ऐसी सभी समस्याओं का ड्राफ्ट तैयार कर वह मुख्यमंत्री से मिलेंगे और समाधान की मांग करेंगे।
अगर मुख्यमंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी तो वह जनता के बीच जाकर बताएंगे कि मुख्यमंत्री अपने गांव के हालात ही नहीं सुधार सकते, वह बाकि प्रदेश का क्या भला करेंगे। अभय चौटाला ने बताया कि पिछले दिनों पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन के कारण राई के कुछ गांवों में वह पदयात्रा नहीं कर पाए थे। ऐसे में अब दो दिन के लिए उन्होंने विशेष रूप से इन गांवों में पदयात्रा के लिए समय निकाला है। उनके साथ अधिवक्ता कृष्ण मलिक भी मौजूद रहे।