महिला की सिर, चेहरे पर कमर पर चोट मारकर हत्या
-गांव मनौली के पास केजीपी के किनारे पड़ा मिला महिला का शव, नहीं हो सकी शनाख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पैरीफेरल-वे पर गांव मनौली के पास सड़क किनारे हमलावरों ने महिला के सिर, चेहरे व कमर पर चोट मारकर हत्या कर दी। शव के आसपास खून पड़ा मिला। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या इसी स्थान पर की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद मुर्दाघर में रखवा दिया है। खबर लिखे जाने तक महिला के शव की पहचान नहीं हो सकी।
गांव मनौली के चौकीदार कन्हैया लाल ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम वह गांव के बाहर केजीपी की तरफ गया था। वहां पर उसे सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। उसके सिर व चेहरे पर चोट के निशान थे। साथ ही उसके सूट पर खून लगा था। इसी सड़क पर दूसरी तरफ काफी खून बिखरा था। उसे अंदेशा हुआ कि महिला की वहां हत्या करने के बाद शव को दूसरी तरफ फेंका गया है। जिस पर उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार व जांच अधिकारी सुनील कुमार की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। महिला की उम्र करीब 24 वर्ष है। वह स्लेटी रंग का काली छींटदार सूट, काली पाजामी पहले थी और काला दुपट्टा उसके पास मिला है। बालों में लाल-नीली चिमटी लगी है। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया। जहां शनिवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने चौकीदार के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दोनों हाथ पर लिखा है बसीर-सीमा
पुलिस के अनुसार महिला के दोनों हाथों पर मेहंदी से अंग्रेजी में बीएएसईईआर (बसीर) व एसईईएमए (सीमा) लिखा हुआ है। पुलिस ने महिला के कपड़ों व उसके हाथ पर मिले नामों के आधार पर पहचान के प्रयास शुरू कर दिया है।
वर्जन
केजीपी पर सड़क किनारे महिला का शव मिला है। उसके शरीर पर चोट के निशान है। शुरुआती जांच के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद लग सकेगा। पुलिस शव की पहचान का प्रयास कर रही है।
इंस्पेक्टर रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।