गांव बढ़मलिक में तालाब के पास झाडिय़ों में पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता लगा सकेगा।
रविवार शाम 7:30 बजे राई थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव बढ़मलिक के पास तालाब के निकट झाडिय़ों में एक शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तो शव महिला का मिला। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है, लेकिन रात तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। मामले के जांच अधिकारी श्रीक़ृष्ण ने बताया कि महिला हरे रंग का सूट व हरे रंग की पाजामी पहने है। उसके कानों में बालियां व पैरों में चुटकी है। महिला की उम्र करीब 25-26 साल लग रही है। पहचान का प्रयास किया जा रहा है। शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसके बाद मौत के कारणों का पता लग सकेगा।