खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन पंचकूला में किया जाएगा, जिसमें स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को डेढ़ लाख रुपये, एक लाख रुपये और 75 हजार की इनामी राशि दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विजयी पताका फहराने वाले खिलाड़ियों को 5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह बातें खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहीं। वे शुक्रवार को बतौर मुख्यातिथि मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई में आयोजित वार्षिकोत्सव में पहुंचे थे।
कार्यक्रम में खेल राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। साथ ही उन्होंने राई स्कूल को लगातार ऊंचाई पर ले जाने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक व हैरतअंगेज कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
बच्चों को जंकफूड से दूर रखने का लिया वादा
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। राई स्कूल शिक्षा व खेलों का बेजोड़ उदाहरण है। उन्होंने कहा कि दिमागी व शारीरिक तौर पर मजबूती के लिए जरूरी है कि जंकफूड से परहेज किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और स्कूल प्रशासन से वादा लिया कि वह बच्चों को जंकफूड से दूर रखेंगे। उन्होंने वादा लिया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक कोई भी विद्यार्थी दोपहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करेगा। खेल राज्य मंत्री ने सभी 850 छात्र-छात्राओं को एक-एक ट्रैक सूट प्रदान करने की घोषणा की। स्कूल के निदेशक-प्राचार्य कर्नल अशोक मोर ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान सांसद रमेश कौशिक, राई हलका विधायक मोहनलाल बड़ौली, सविता मोर, उपप्रधानाचार्य मौसमी घोषाल, प्रशासनिक अधिकारी मोहित कपूर, खेल अधिकारी हरतेज सिंह अंटाल, मुख्याध्यापिका सरिता चाहर, पीके धीमन, भाजपा नेता राजेंद्र भारद्वाज, पार्षद पुनीत राई, डॉ. रामकिशन सरोहा, वेदपाल शास्त्री आदि मौजूद रहे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
स्कूल के 46वें वार्षिकोत्सव में खेल मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इनमें खेलों के क्षेत्र में वितिन राठी, यश शर्मा, रितिक शर्मा, गौरा, सलोनी, अंजलि, संदीप, लक्की, सन्नी, सिद्धार्थ, नीरज, चाहत व रितिका दहिया शामिल रहे। साथ ही शैक्षणिक क्षेत्र में हर्षित गौतम, मनीष, दीपांशी, यश फोगाट, परीक्षित, हर्षिता, यश, कनक शर्मा, भूमिका, पायल, निति राणा, मीनू, संजीव, तनू शामिल थीं। इंटर हाउस चैलेंज कप शैक्षणिक क्षेत्र में सूर्या हाउस को और को-करिकूलर ट्रॉफी सोमा हाउस को मिली। स्पोर्ट्स ट्रॉफी इंद्र हाउस को मिली। आशा वर्मा ट्रॉफी सोमा हाउस को मिली। साथ में शिक्षण व गैर शिक्षण स्टाफ के रूप में बबीता अहलावत, वीएन तिवारी, नरेंद्र राणा व भारती बख्शी को सम्मानित किया गया।
खेल प्रदर्शनी का किया अवलोकन
खेल राज्य ने खेल प्रदर्शनी में टेनिस, तीरंदाजी, ताइक्वांडो, जिमनास्टिक, हॉकी, इक्वेस्ट्रियन (हॉर्स राइडिंग), एथलेटिक्स, क्रिकेट, वॉलीबाल, बास्केटबाल, फुटबाल, बॉक्सिंग खेल का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने पोस्टर मेकिंग, फ्लोवर पोट, शिल्पकला, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, मुखौटे, मेहंदी डिजाइन प्रदर्शनी, विज्ञान प्रदर्शनी, एस्ट्रोनॉमी, बेकरी, नेचर क्लब, कंप्यूटर लैब, कैलिग्राफी, बुक बाइंडिंग, औषधीय पौधों की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की प्रशंसा की।
हैरतअंगेज कार्यक्रमों से किया हैरान
वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हैरतअंगेज कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। घुड़सवारी से लेकर आग के गोले से कूदकर जिमनास्टिक के खिलाड़ियों ने सभी को हैरान कर दिया।