कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच ऑक्सीजन की कमी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में जल्द 1.66 करोड़ की लागत से 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए एचएसआईआईडीसी की ओर से बजट की मंजूरी दे दी गई है। प्रदेश में वैरिएंट ओमिक्रॉन के दस्तक देने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से इससे निपटने के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। ऑक्सीजन प्लांट को लगाने के लिए पावर स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिजली निगम को 68 लाख रुपये जमा करा दिए गए हैं।
जिला अस्पताल में सात माह पहले 200 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया था। उस प्लांट से रोजाना 40 ऑक्सीजन सिलिंडर भरे जाते हैं। कोरोना की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल में एक और ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया था। इसे लेकर मई में सांसद रमेश कौशिक ने 1000 एलपीएम के ऑक्सीजन प्लांट की आधारशिला रखी थी। इसके लिए एचएसआईआईडीसी की ओर से बजट देने का वादा किया गया था। कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत जारी होने वाले 1.66 करोड़ रुपये के बजट इसे बनाया जाना था। बाद में बजट नहीं मिल पाने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं को सका था।
दूसरी लहर में ऑक्सीजन संकट से जूझते रहे मरीज
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जिले में ऑक्सीजन का संकट खड़ा हो गया था, जिससे मरीजों को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण काफी परेशानी हुई थी। यही नहीं जिला प्रशासन को ऑक्सीजन की आपूर्ति अपने हाथों में लेनी पड़ी थी। सबका कोटा निर्धारित कर दिया गया था। यही नहीं ऑक्सीजन का ऑडिट करवाना पड़ता था। मांग बढ़ने पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मंगवाने पड़े थे। अब तीसरी लहर की आशंका के चलते पहले ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि भविष्य में अस्पताल में आने वाले मरीजों को उपचार के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्लांट लगने के बाद प्रतिदिन 200 सिलिंडर ऑक्सीजन मिलेगी
जिला अस्पताल में 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होने के बाद यहां रोजाना 200 सिलिंडर ऑक्सीजन का उत्पादन किया जा सकेगा। अस्पताल के सभी वार्डों में इसकी आपूर्ति दी जाएगी। बड़ा प्लांट लगने से अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं रहेगी। इसके बाद जिला अस्पताल प्रबंधन को ऑक्सीजन खरीदने के लिए एजेंसी पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा।
प्लांट को चलने के लिए स्थापित किया जाएगा पावर स्टेशन
ऑक्सीजन प्लांट को चलाने के लिए पावर स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 68 लाख रुपये बिजली निगम को सिक्योरिटी जमा कराई गई है। पावर स्टेशन स्थापित होने के साथ ही ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके चालू होते ही ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति हो सकेगी।
वर्जन
1.66 करोड़ रुपये की लागत से जिला अस्पताल में 1000 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए एचएसआईआईडीसी ने बजट देने की मंजूरी दी है। प्लांट को चलाने के लिए पावर स्टेशन जरूरी है। पावर स्टेशन स्थापित कराने के लिए बिजली निगम को 68 लाख रुपये सिक्योरिटी के रूप में जमा करा दिए हैं।
- डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन