सोनीपत। गांव सांदल कलां, शहजादपुर, थरिया में बिजली निगम की ओर से ज्यादा राशि के बिल भेजे जा रहे हैं। ज्यादा राशि के बिजली बिल मिलने पर ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को विभिन्न गांवों के लोग बिजली निगम के एसडीओ सिटी कार्यालय पर पहुंचे और पूर्व जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेतृत्व में प्रदर्शन करके बिलों को ठीक कराने की मांग की।
ग्रामीण यासीन, मोनू, संदीप, प्रदीप राजेश ने बताया कि बिजली कर्मचारी मीटर रीडिंग लेने वाले लापरवाही कर रहे हैं। कई-कई महीने की पेंडिंग रीडिंग एक साथ जोड़कर लोगों को ज्यादा राशि का बिल भेजा जा रहा है। जिसकी वजह से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को 2.66 लाख रुपये का बिल भेजा गया है। इसी तरह कई ग्रामीणों को 50 हजार से 70 हजार रुपये तक बिल भेजे गए हैं। ग्रामीण बिल ठीक करवाने के लिए लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। अधिकारियों के कार्यालय पर न मिलने का ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।