गोहाना (सोनीपत)। गांव शामड़ी के खेतों से गुजर रही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) लिमिटेड पानीपत की पाइपलाइन को चोरों ने क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। चोरों ने तेल चोरी करने के लिए पाइपलाइन में वॉल्व लगा दिया था। इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार को आईओसी के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इसके बाद मुंडलाना पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आईओसी की उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइन के सहायक निरीक्षण अभियंता रविराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उतरी क्षेत्र में पानीपत-रेवाड़ी पाइपलाइन गांव शामड़ी से होकर गुजरती है। इस पाइपलाइन को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त करके तेल चोरी का प्रयास किया गया। चोरों ने चिड़ाना वाली सड़क पर खेतों के अंदर पाइपलाइन पर एक जगह वेल्डिंग करके करीब दो इंच का वॉल्व लगाया है। इसकी जानकारी उन्हें निरीक्षण के दौरान मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। मुंडलाना पुलिस चौकी की टीम ने अज्ञात पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।