सोनीपत। पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे ट्रीमैन देवेंद्र सूरा अब शहर के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते नजर आएंगे। नगर निगम ने शहर में स्वच्छता के लिए देवेंद्र सूरा को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र ने सोमवार शाम अपने कार्यालय में देवेंद्र सूरा को स्वच्छता अभियान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने का प्रमाण पत्र सौंपा।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत वर्ष 2017 से शहरों को रैंकिंग देने की शुरुआत की गई थी। उस समय स्वच्छ भारत अभियान की रैंकिंग में सोनीपत 243वें स्थान पर आया था। वर्ष 2018 में सोनीपत की रैंकिंग में सुधार हुआ और यह 156वें पायदान पर पहुंच गया था। वर्ष 2019 में स्वच्छता सर्वेक्षण में सोनीपत शहर पिछड़कर देश में 161वें स्थान पर चला गया था। उसके बाद वर्ष 2020 में काफी सुधार के बाद देश में सोनीपत को 103वां स्थान मिला था, लेकिन इस बार यह 235वें स्थान पर पहुंच गया है।
स्वच्छता रैंकिंग में लगातार पिछड़ रहे जिले की स्थिति में सुधार के लिए बैठकों का दौर चला। अधिकारी लगातार स्वच्छता की स्थिति सुधारने पर मंथन करते रहे। अंत में किसी प्रसिद्ध और लोगों से जुड़े व्यक्ति को ब्रांड एंबेसडर बनाने का निर्णय लिया। जिसके लिए ट्रीमैन के नाम से अपनी पहचान बना चुके चंडीगढ़ पुलिस के सिपाही देवेंद्र सूरा को स्वच्छता अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। इस दौरान सीएसआई साहब सिंह व सीटीएल मधु बाला भी मौजूद रहे।
लोगों को जागरूक करने के लिए तैयार की योजना
नगर निगम ने इस बार स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बड़ी योजना तैयार की है। इसके तहत स्वच्छता से जुड़े बैनर से लेकर यूनिपोल शहर में जगह-जगह लगाए जाएंगे। साथ ही सक्षम युवाओं की टीम भी घर-घर पहुंच कर लोगों को स्वच्छता की महत्ता समझाते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करेगी।
लोगों के सहयोग से शहर को स्वच्छ व पॉलीथिन मुक्त बनाने का करेंगे प्रयास : ट्रीमैन
ट्रीमैन देवेंद्र सूरा ने कहा कि वे सेवाभाव के लिए ब्रांड एंबेसडर बने हैं और नि:स्वार्थ भावना से इस जिम्मेदारी को निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्यावरण मित्रों के साथ पहले से प्रयास करते रहे हैं, अब लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए इसके प्रति भी जागरूक करेंगे। लोगों के सहयोग से शहर को स्वच्छ और पॉलीथिन मुक्त बनाने का प्रयास करेंगे।