सोनीपत। सोनीपत-जींद रेललाइन पर 20 माह बाद ट्रेन की सीटी दोबारा सुनाई देगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 5 दिसंबर से पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। अब सोनीपत के यात्रियों को गोहाना व जींद जाने में काफी राहत मिलेगी। इन ट्रेनों में सफर करने के लिए यात्रियों को एक्सप्रेस का किराया देना पड़ेगा। ट्रेन में एमएसटी (मासिक सीजन टिकट) मान्य नहीं होगा।
कोविड-19 के चलते मार्च, 2020 में लॉकडाउन लगने के बाद सभी ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। दिल्ली-अंबाला रेललाइन पर पैसेंजर ट्रेनों का संचालन फरवरी व अप्रैल में शुरू कर दिया था। उसके बाद सोनीपत-जींद रेललाइन पर ट्रेन के संचालन को लेकर क्षेत्र के लोगों ने मांग उठानी शुरू की थी। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे की ओर से सोनीपत-जींद रेल लाइन पर ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है। लॉकडाउन से पहले सोनीपत व जींद के बीच तीन पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता था। फिलहाल रेलवे की ओर से दोपहर के समय पैसेंजर ट्रेन (04100/04099) के चलाने की मंजूरी दी गई है। पैसेंजर ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को एक्सप्रेस का किराया देना पड़ेगा।
जींद जंक्शन से सोनीपत की तरफ पैसेंजर ट्रेन (04100) सुबह 10.30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोहाना होते हुए सोनीपत जंक्शन पर दोपहर 12.40 बजे पहुंचे। वापसी में यह ट्रेन (04099) सोनीपत से दोपहर 1.35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोहाना होते हुए शाम 4 बजेे जींद पहुंचेगी। ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद सोनीपत व जींद आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
वर्जन
रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 5 दिसंबर से सोनीपत-जींद के बीच पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू होगा। ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को एक्सप्रेस का किराया देना होगा। इनमें एमएसटी अभी मान्य नहीं होंगे।
- दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रेलवे