ऑनलाइन परीक्षा पास कराने और नौकरी लगवाने के मामले में एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार मास्टरमाइंड विकासदीप दहिया ने कंप्यूटर हैक करने की जानकारी करीब 12 साल पहले यू ट्यूब पर सीखी थी। उसके बाद कंप्यूटर हैक करने की बड़ी वारदात के बारे में जानकारी ली। उसने अपने साथ कई आईटी विशेषज्ञों को जोड़ लिया था। पहले उसने ट्रायल के रूप में अपने परिचितों का पेपर कंप्यूटर हैक करके सॉल्व कराया था।
मास्टरमाइंड को ‘गुरुजी’ के नाम से जानते हैं लोग
ऑनलाइन परीक्षा पास कराने और नौकरी लगवाने वाले गैंग के मास्टरमाइंड विकासदीप दहिया को लोग ‘गुरुजी’ के नाम से जानते हैं। हरियाणा के साथ ही आसपास के कई राज्यों में उसका नाम सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर जाना जाता है। एसटीएफ ने गैंग के सरगना के साथ ही सात अन्य आरोपियों को रिमांड पर लिया हुआ है। इनसे गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है। एसटीएफ को आरोपियों ने अपने गैंग के अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। उनको पकड़ने के लिए सोमवार को गुरुग्राम में छापा मारा गया। आरोपी विकासदीप दहिया ने एसटीएफ को बताया कि उसने 2009-10 में कंप्यूटर हैक करना सीखा था। उसने हैकिंग के आधारित कई फिल्म भी देखी है। टीम उससे पूछताछ कर रही है।