कुंडली बॉर्डर पर टेंट में लगी आग। संवाद
- फोटो : Sonipat
कुंडली बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन में दिवाली की रात टीडीआई सिटी के सामने किसानों के टेंट में आग लग गई। जिन टेंट में आग लगी, उनमें अभी कोई किसान नहीं रहता है। पड़ोस के टेंट में किसान सो रहे थे। किसानों ने बताया कि अचानक से आग लग गई। वह अपने टेंट से बाहर निकले। इस बीच आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने तीन टेंट व एक ट्रॉली को अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
किसानों ने बताया कि देर रात अचानक आग लग गई। उन्हें आशंका है कि आंदोलन को तोड़ने के लिए किसी ने आग लगाई है। कुछ शरारती तत्व इस प्रकार की हरकत कर किसानों के मनोबल को तोड़ना चाहते हैं। किसान इस प्रकार की हरकतों का मुंहतोड़ जवाब देंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के वॉलंटियर भी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रहे हैं। वॉलंटियर की गश्त भी बढ़ा दी गई है। इससे पहले 10 जुलाई, 24 जुलाई व 16 अक्तूबर को भी किसानों के पांच टेंट में आग लग गई थी।