गांव मलिकपुर से 10, 11 व 12 साल के तीन बच्चे संदिग्ध अवस्था में लापता हो गए। एक बच्चे की मां ने उनके अपहरण की आशंका जताई है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से यूपी के जिला बागपत के गांव रटौल की रहने वाली मोसीना ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके पास तीन बेटी व सबसे छोटा बेटा आशु (10) है। एक माह पहले उसका बेटा आशु गांव के ही सलमान (12) के साथ चला गया था। एक दिन बाद दोनों लौट आए थे। अब आठ मार्च की शाम को उसका बेटा आशु, गांव का सलमान व देव (11) के साथ लापता हो गया है। सलमान गांव मलिकपुर के जोगीराम व देव मूलरूप से बागपत के रमाला फिलहाल मलिकपुर में रह रहे धर्मेंद्र का बेटा है। तीनों के लापता होने के बाद उन्होंने उनकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस को अवगत कराया है। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।