नेशनल हाईवे 44 पर मुरथल ओवरब्रिज के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास युवक की हत्या वेल्डिंग वर्कशॉप पर काम करने वाले दो युवकों ने की थी। उन्होंने युवक को दुकान से सामान उठाते पकड़ लिया था। उसके बाद बेरहमी से डंडे व लात-घूसों से पीटकर घायल कर दिया था। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों का गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
राजस्थान के जिला चुरू के गांव दुमकी निवासी पवन कुमार ने मुरथल थाना पुलिस को बताया था कि वह मुरथल स्थित लालजी मुल्जी ट्रांसपोर्ट पर काम करता है। वीरवार रात को उसे पेट्रोल पंप के पास पानी की टंकी के निकट भीड़ लगी दिखाई दी थी। वहां पहुंचने पर एक युवक का शव पड़ा देखा था। पुलिस को सूचना देने पर मुरथल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने युवक के शरीर पर अंदरूनी चोट होने की बात कही थी। पोस्टमार्टम में चिकित्सक ने राय दी कि युवक की प्राकृतिक मौत नहीं हुई है, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस शव की शनाख्त करने के प्रयास में लगी है।
वहीं हत्या के मामले में एसआई सुरेंद्र की टीम ने जांच को आगे बढ़ाया तो पता लगा कि वेल्डिंग वर्कशॉप पर काम करने वाले गांव मुरथल निवासी सत्यम व मूलरूप से यूपी के जिला बाराबंकी के गांव मसौली फिलहाल मुरथल निवासी विपिन ने युवक की पीटकर हत्या की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह युवक को नहीं जानते। वह उनकी दुकान से सामान उठा रहा था। उन्होंने उसे देख लिया और उसे डंडे व लात-घूसों से पीटा था। इसके बाद वह टंकी की तरफ गया था। बाद में उन्हें पता लगा कि उसकी मौत हो गई है।
आसपास के लोगों से पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, चिकित्सक की रिपोर्ट आने के बाद युवक की हत्या किए जाने से पर्दा उठा था। उसके बाद पुलिस ने सुबूत जुटाने शुरू कर दिए। जिससे पता लगा कि वेल्डिंग की दुकान के कारिंदों ने युवक को पीटा था। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्या के मामले से पर्दा उठ गया।
शव की शनाख्त करना बना पुलिस के लिए चुनौती
पुलिस को युवक का शव अर्द्धनग्न अवस्था में बरामद किया था। उसके शरीर पर ग्रे रंग की पजामी मिली थी। वहीं उसके दाहिने हाथ पर सूरमा से फूल का टैटू बना हुआ है। युवक की उम्र 33 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस के लिए शव की शनाख्त करना चुनौती बनता जा रहा है।
वर्जन
पेट्रोल पंप के निकट युवक का शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम में हत्या किए जाने का पता लगा था। पुलिस ने मामले में गहनता से जांच की तो पता लगा कि वेल्डिंग वर्कशॉप के कारिंदों ने युवक को पीटा था। उनसे पूछताछ में ब्लाइंड मर्डर के मामले से पर्दा उठ गया। शव की शनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
- इंस्पेक्टर सुमित कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल