कुंडली। गांव बिंदरौली में बुधवार शाम बिजली आपूर्ति सुचारु करने गई बिजली निगम की टीम पर गांव के चार युवकों ने हमला कर दिया। उन्हें लोहे की कील लगी लकड़ी की फट्टियों से पीटा गया। जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने जेई के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंडली सब स्टेशन के जूनियर इंजीनियर दिनेश पोपली ने पुलिस को बताया कि बिंदरौली गांव का चयन म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत हुआ था। बिजली निगम की टीम द्वारा गांव के मीटर बाहर निकालने व आपूर्ति बेहतर करने का काम किया जा रहा है। गांव की चौपाल के पास ट्रांसफार्मर नंबर 4 पर बुधवार शाम निजी कंपनी के कर्मचारी काम कर रहे थे। उनके साथ बिजली निगम के कर्मचारी नीरज व राहुल शर्मा भी मौजूद थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने दो कर्मचारियों राजू व इंद्रजीत के साथ गाली गलौज की व झगड़ा किया। ग्रामीणों ने लोहे की कील लगी फट्टी से उनके गर्दन व मुंह पर वार किए। जिससे दोनों कर्मचारी खून से लथपथ हालत में गली में गिर गए। अन्य कर्मचारियों ने उन्हें संभाला और दोनों को खरखौदा सरकारी अस्पताल में ले गए। जहां दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जेई दिनेश पोपली ने इसकी सूचना कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने जेई दिनेश के बयान पर आरोपी भौकल, गुगन, चटरा व गोलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवि कुमार ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया है। वहीं जेई दिनेश पोपली ने कहा कि बिजली कर्मचारियों को मारने की धमकी दी गई है। बिजली टीम अब पुलिस सुरक्षा में ही गांव में काम करने के लिए जाएगी।