गेटवे शिक्षण संस्थान के मालिक व बड़े कारोबारी हरिप्रकाश मंगला के प्रतिष्ठानों व ठिकानों पर आयकर विभाग की छापा मार कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। हरिप्रकाश मंगला के साथ ही उनके रिश्तेदारों, परिचितों व सहयोगियों के यहां भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि सहयोगियों की तरफ से आयकर विभाग की टीम को ज्यादा सहयोग नहीं मिल रहा है। इसके चलते कुछ लॉकर भी तोड़ने की तैयारी है। आयकर विभाग की टीम तीन साल में खरीद-फरोख्त की गईं संपत्तियों की कीमत का मिलान करने में जुटी है। वहीं नकदी, आभूषण और अन्य संपत्तियों की भी जा रही है।
कारोबारी हरिप्रकाश मंगला के प्रतिष्ठानों व ठिकानों पर बुधवार सुबह सात बजे आयकर विभाग पंचकूला, गुरुग्राम, दिल्ली और पानीपत की टीमों ने कई स्थानों पर एक साथ छापे मारकर जांच शुरू की थी। विभाग के करीब 300 अधिकारी व कर्मचारी और गुरुग्राम पुलिस बल की टीम कारोबारी मंगला के ठिकानों पर जांच कर रही है। तीन दिन से टीम मंगला के ठिकानों पर जांच में जुटी है। वहां से सदस्यों का आवागमन बंद है, जिसके चलते ठिकानों के बाहर भी सन्नाटा है। मंगला की सेक्टर-14 की कोठी नंबर 119 और 106 के गेट लगातार तीसरे दिन भी बंद रहे। टीम व पुलिसकर्मी अंदर ही हैं। वहीं मुरथल रोड स्थित मंगला के होटल उत्सव ग्रांड में भी मुख्य गेट बंद है। ज्यादातर ठिकानों पर कार्रवाई को पूरा कर लिया गया और विभाग के अधिकारियों ने कुछ रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगला के कुछ सहयोगी या तो सहयोग नहीं कर रहे या फिर वह छापे शुरू होने के बाद से गायब हैं। इससे कार्रवाई में देरी हो रही है। ऐसे में कुछ ठिकानों पर लॉकर तोड़ने पड़ सकते हैं। यहां रखे रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। कुछ जगह लॉकर तोड़ने के बारे में चर्चा रही, पुष्टि नहीं हो सकी।
खाना भी बाहर से मंगाकर खा रहे टीम के सदस्य
मंगला के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं। उच्च अधिकारी निगरानी कर रहे हैं। शाम को गाड़ियों में सवार होकर बाहर से खाना लाते दिखाई देते हैं। मंगला की कोठी के बाहर खड़ीं गाड़ियों में चालक दिनभर बैठे या लेटे दिखाई दे रहे हैं।
कई जगह जांच पूरी होने के बाद भी टीमें मौजूद
तीसरे दिन कई जगह जांच पूरी हो गई, लेकिन सभी जगह टीमें मौजूद रहीं। आयकर विभाग की टीमें जल्द ही कार्रवाई का खुलासा करेंगी। उत्सव ग्रांड होटल में मौजूद जांच अधिकारी ने बताया कि उनकी जांच पूरी हो गई है, लेकिन अभी यहां से हटने के आदेश नहीं हैं।
दो अन्य स्थानों पर जांच करने पहुंची टीम
आयकर विभाग की टीमें शुक्रवार को दो और स्थानों पर जांच करने पहुंचीं। टीमों ने सेक्टर में सतेंद्र और जसबीर के घरों पर भी रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। बताया गया है कि आयकर विभाग को जानकारी मिली थी कि सतेंद्र का हरिप्रकाश मंगला के बीच लेनदेन है। इतना ही नहीं बताया गया है कि सतेंद्र का चिटफंड का भी काम है। जसबीर के यहां पर भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपये के लेनदेन के बारे में टीम को अहम जानकारी मिली है। इस वजह से यह कार्रवाई शनिवार को भी जारी रह सकती है।