कुंडली। गांव भैरा-बांकीपुर के युवक का शव गांव खुर्मपुर के खेत में फंदे पर लटका मिला है। युवक ने सवा महीने पहले ही पड़ोसी गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिस पर पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। युवक के कपड़े फटे मिले हैं। आशंका है कि युवक की किसी से लड़ाई भी हुई थी। पुलिस ने युवक के पिता के बयान पर युवती समेत 13 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव भैरा बांकीपुर के रहने वाले विपिन (22) ने 17 अगस्त को पड़ोसी गांव टौंकी मनौली निवासी अंजलि के साथ आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। उसके बाद दिल्ली की कोर्ट में भी शादी की थी। विपिन के पिता हजारी लाल ने पुलिस को बताया कि अंजलि के परिजन शादी के खिलाफ थे। उसका बेटा दूध की डेयरी चलाता था। युवती के परिजन बार-बार अंजलि को विपिन से तलाक लेने का दबाव बना रहे थे। 15 सितंबर को अंजलि अपने जीजा, ममेरे भाई आकाश, अपने भाई सोनू व ब्रिजेश के साथ मायके टौंकी मनौली चली गई थी। अंजलि ने कुंडली थाना पुलिस में पति विपिन के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करा दी थी। इस पर 22 सितंबर को दोनों पक्षों को कुंडली थाने में बुलाया गया था। बातचीत के बाद से विपिन थाने से अपनी ईको गाड़ी लेकर चला गया था। देर शाम उन्हें सूचना मिली कि विपिन का शव खुर्मपुर गांव के पास खेतों में एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है। उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। विपिन के पिता ने अंजलि, उसके पिता रामसेठ, मां, भाई सोनू, मोनू, ममेरा भाई आकाश, अंजलि का जीजा व अन्य ग्रामीण मंगलचंद, कल्लू, पप्पू, लखपत, श्यामसिंह, सचिन सहित 13 के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। युवक के कपड़े फटे मिले है।ं आशंका है कि उसकी किसी से लड़ाई भी हुई है।
वर्जन
युवती और विपिन ने प्रेम विवाह किया था। विपिन के पिता के बयान पर 13 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
- इंस्पेक्टर रवि कुमार, एसएचओ थाना कुंडली