नेपाल से जटोला गांव में निजी कंपनी का जूस लेकर आ रहे कंटेनर से जूस के 40 कार्टून चोरी हो गए। जिसकी सूचना कंटेनर चालक ने ट्रांसपोर्ट कंपनी को तो दी, लेकिन सूचना देने के बाद वह गायब हो गया। फोन पर संपर्क करने पर जब वह कंपनी के सहायक मैनेजर को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया तो सहायक मैनेजर ने चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज करवाया है।
वरुणा इंटिग्रेटिड प्राइवेट लिमिटेड ट्रांसपोर्ट, गुरुग्राम के सहायक मैनेजर सिलकराम का कहना है कि उनके एक कंटेनर में नेपाल से रियल जूस के 1330 कार्टून लदे थे। उत्तर प्रदेश के जिला इटावा के गांव कुईया ओडमपुर बरोली निवासी चालक शुभम कुमार कंटेनर को 27 मार्च को लेकर चला था। कंटेनर को लेकर उसे जटोला लेकर पहुंचना था। 3 अप्रैल को शुभम ने कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर मंडोरा के निकट पहुंचकर उन्हें सूचना दी कि कंटेनर की सील व ताला टूटा हुआ है। ऐसे में सूचना मिलते ही वह गाड़ी में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से ट्रैक करते हुए मौके पर पहुंचे। जहां पर उन्हें कंटेनर तो खड़ा मिला, लेकिन चालक मौके पर नहीं था। जांच करने पर कंटेनर में से जूस के 40 कार्टून गायब मिले और चालक का फोन बंद आ रहा है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। बाद में चालक से फोन पर संपर्क हुआ तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।