गांव मंडोरा में मंगलवार देर रात एक परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर चोर दूसरे कमरे से संदूक उठाकर ले गए। संदूक में 45 हजार रुपये रुपये और जेवरात थे। देर रात आवाज सुनकर उठे परिवार के सदस्यों ने पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजे की कुंडी खुलवाई। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव मंडोरा निवासी विजय कुमार परिवार सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। इस बीच घर में घुसे चोर उस कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी जिसमें परिवार सो रहा था। इस बीच जब छत से आवाज आई तो परिवार के सदस्य उठ गए। बाहर आने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की तो वह बाहर से बंद मिला। आवाज लगाकर पड़ोसियों को बुलाया, जिन्होंने दरवाजे खोले। जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने देखा कि घर की जो लाइटें उन्होंने जला रखी थीं, वह सब बंद थीं। घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। अंदर स्टोर में जांच करने पर संदूक गायब मिला। गली में उसके चाचा के प्लाट के मुख्य गेट का भी ताला टूटा हुआ था। प्लाट के पीछे झाड़ियों में संदूक खुला मिला। कपड़े बिखरे हुए थे और संदूक में रखे 45 हजार रुपये और चांदी के आभूषण गायब मिले। खरखौदा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।