सोनीपत। पेरिस पैरालंपिक में रवाना होने से पहले ही पैरालंपियन अमित सरोहा के परिवार के लिए बुरी खबर आई है। कुरुक्षेत्र के गांव खानपुर कोलियां के पास नेशनल हाईवे-44 पर हुए हादसे में उनके चचेरे भाई व रोडवेज बस चालक गांव बैंयापुर के नरेंद्र की जान चली गई। हादसे का पता लगते ही गांव में मातम पसर गया। ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
पेरिस में चार दिन बाद शुरू हो रहे पैरालंपिक के लिए गांव बैंयापुर के लाडले अमित सरोहा जमकर पसीना बहा रहे थे। वह 26 अगस्त को पेरिस के लिए रवाना होने वाले हैं। उनके पेरिस जाने से पहले ही उनके परिवार में मातम पसर गया है। कुरुक्षेत्र में हुए हादसे में उनके चचेरे भाई नरेंद्र की मौत हो गई। वह हरियाणा रोडवेज में चालक थे और पानीपत डिपो में कार्यरत थे। वह शनिवार को दिल्ली से पंजाब के लुधियाना जा रहे थे। कुरुक्षेत्र में उनकी बस व ट्रक में भिड़ंत हो गई। हादसे में जहां नरेंद्र की जान गई, वहीं 23 सवारी घायल हो गईं। हादसे में बस परिचालक सोनीपत के ही देवीलाल भी घायल हुए हैं।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
परिजन ने बताया कि हादसे का शिकार हुए नरेंद्र के पास दो बेटे हैं। अभिनव (8) और शौर्य (5) हैं। हादसे से गांव में मातम पसर गया है। जिसे भी हादसे का पता लगाए वह पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच गया।