जहरीली शराब सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ। संवाद
- फोटो : Sonipat
शहर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब सप्लाई करने के मामले में आरोपी पांच हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव जसराना का रहने वाला अनिल उर्फ लीला है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी फरारी के दौरान राजस्थान व किसान आंदोलन में छिपकर रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
वर्ष 2020 में जहरीली शराब पीने से गई थीं कई लोगों की जानें
शहर के मयूर विहार, शास्त्री कॉलोनी, इंडियन कॉलोनी, हनुमान नगर, श्यामनगर, गन्नौर के गुमड़ में नवंबर, वर्ष 2020 में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो हुई थी। इसके बाद मामले की उच्चस्तरीय जांच की गई थी। जांच में सामने आया था गांव नैना ततारपुर में एक मकान के अंदर शराब की अवैध फैक्टरी चल रही थी। यहीं से शहर की कॉलोनियों व अन्य जगह पर शराब की सप्लाई की गई थी। जहरीली शराब पीने से लोगों की जानें गई थीं। पुलिस ने शराब फैक्टरी पर छापा मारकर भारी मात्रा में शराब, शराब तैयार करने का केमिकल व अन्य उपकरण बरामद किए थे। पुलिस जांच में सामने आया था कि जहरीली शराब की सप्लाई में अनिल उर्फ लीला भी शामिल था। आरोपी घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपये का इनाम घोषित किया था। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सवित कुमार का कहन है कि मामले में पुलिस ने आरोपी को जाहरी रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया है कि वह किसान आंदोलन के साथ ही राजस्थान में छिपता रहा। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है। उससे मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जाएंगे।