गांव सरढ़ाना पास अपने दोस्तों संग पश्चिमी यमुना लिंक नहर में नहाने आया 17 वर्षीय किशोर डूब गया। सूचना के बाद गन्नौर थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोर के शव को नहर से बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
गन्नौर गांव का रहने वाला आशीष (17) रविवार दोपहर गांव के अपने दोस्त विकास व तरुण के साथ सरढ़ाना के निकट पश्चिमी यमुना लिंक नहर में नहाने गया था। वह बाइक पर सवार होकर गया था। आशीष ने नहर में छलांग लगा दी और वह डूब गया। जब उसके दोस्तों ने उसे डूबते देखा तो उन्होंने इसकी सूचना आशीष के परिजनों को दी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। सूचना पर गन्नौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धीरज कुमार के साथ खुबडू झाल से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से आशीष की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आशीष का शव नहर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आशीष के शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के शवगृह में रखवा दिया है। मंगलवार को आशीष के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पढ़ने के लिए बुलाकर ले गए थे साथी
आशीष के पिता बॉबी कुमार ने बताया कि उसका बेटा दसवीं कक्षा का छात्र था। उसकी परीक्षाएं चल रही थीं। रविवार को उसके साथी घर आए थे और उसे पढ़ने के लिए अपने साथ ले गए थे। बॉबी कुमार का कहना है कि उन्हें शक है कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हुई है। उन्होंने मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है।
परिजनों के ब्यान पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक निर्मल चौधरी ने दी परिजनों को सांत्वना
हादसे की सूचना के बाद विधायक निर्मल चौधरी, भाजपा नेता अरुण त्यागी, सतीश जैन, दिनेश अधलखा, राजेंद्र त्यागी गन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आशीष के पिता बॉबी कुमार को सांत्वना दी। साथ ही विधायक ने पुलिस को गंभीरता से मामले की जांच के निर्देश दिए।