सोनीपत। अब राजकीय स्कूल दूर होने पर भी बच्चों को भेजते समय अभिभावकों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। शिक्षा विभाग ने दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों के लिए परिवहन की सुविधा दी है। इस योजना को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार से स्कूल खुलने के साथ ही लागू की जाएगी। हालांकि शुरुआती चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तहत गोहाना खंड का ही चयन किया गया है।
शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही योजना को अन्य खंडों में भी लागू कर दिया जाएगा। योजना को सिरे चढ़ाने के लिए विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शिक्षा विभाग ने राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पूर्व प्रवेश उत्सव मनाया था।
शिक्षकों को विद्यार्थी संख्या बढ़ाने के लिए लक्ष्य भी दिया था। इसके तहत अध्यापकों ने घर-घर जाकर शिक्षा विभाग की योजना और राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को दी जाने वाली बेहतर सुविधाओं के बारे में अभिभावकों को बताया। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए। इसी कड़ी में अब शिक्षा विभाग ने दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इसका खर्च शिक्षा विभाग ही वहन करेगा।
593 विद्यार्थियों का डाटा अपलोड
शिक्षा विभाग ने विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ देने के लिए स्कूलों से ऐसे विद्यार्थियों का डाटा मांगा था, जो दो किलोमीटर या इससे अधिक दूरी से स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करना है। योजना का लाभ पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मिलेगा। पोर्टल पर अब तक 593 विद्यार्थियों का डाटा अपलोड किया जा चुका है। इन विद्यार्थियों को सोमवार से स्कूल आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
गोहाना खंड से शुरुआत
जिले में छात्र परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ सबसे पहले गोहाना खंड के विद्यार्थियों को मिलेगा। अगर योजना यहां सफल रहती है तो इसे जिले के अन्य खंडों में भी लागू कर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को वाहन सुविधा उनकी संख्या के आधार पर दी जाएगी। किसी रूट पर विद्यार्थी संख्या 40 तक है तो उनके लिए मिनी बस सेवा शुरू की जाएगी, उससे कम रहने पर छोटे वाहन उपलब्ध करवाए जाएंगे।
वर्जन
राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना शुरू की गई है। इसे एक जुलाई से लागू किया जा रहा है। जिले में शुरुआती चरण में यह गोहाना खंड में लागू की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए अब तक 593 विद्यार्थियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड हुआ है। स्कूलों की मैपिंग का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है।-नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत