सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि मुरथल में सोमवार को पीडब्ल्यूडी की ओर से ग्रामीण विकास मंत्रालय के तत्वावधान में जिला ग्रामीण सड़क सेमिनार आयोजित किया गया। जहां पर बेहतर क्वालिटी की सड़कों को कैसे तैयार किया जाए पर चर्चा की गई। बतौर मुख्यातिथि सांसद रमेश कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेमिनार का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का सबसे बड़ा फायदा गांवों को होगा। जहां छोटे किसान शहरों से सीधे जुड़ सकेंगे और अपनी फसल बेच पाएंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से ग्रामीण स्तर पर ही रोजगार के अवसर सृजित होते हैं। सांसद ने कहा कि किसी क्षेत्र का तभी विकास संभव है जब वहां का सड़क तंत्र मजबूत होगा।
सड़कों का निर्माण करने से ही नया औद्योगिक क्षेत्र स्थापित होगा और वहां के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस दौरान विधायक मोहन लाल बड़ौली, विधायक निर्मल चौधरी, डीसी ललित सिवाच, पीडब्ल्यूडी के एसई प्रवीण चौधरी, करनाल से एसई संदीप गोयल, एक्सईएन भूपेंद्र सिंह, अजीत सिंह, वीएस नैन, बीडीपीओ मनोज कौशल, मनीष मलिक, राजेश टिवाना, एसडीओ रवीन दत्ता, प्रवीण छिक्कारा, डीसीआरयूएसटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. ज्ञानेंद्र व प्रदेशभर से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों शामिल रहे।
-----------
48 करोड़ में बन रहीं 11 सड़कें
कार्यक्रम के संयोजक एवं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन पंकज गौड़ ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 11 सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। जिनके निर्माण पर करीब 48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।