सोनीपत में गांव महलाना रोड पर ककरोई की तरफ रजवाहे के निकट एक नवजात बच्ची को छोड़ने का मामला सामने आया है। शाम को घूमने निकले दो दोस्तों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। चुनरी में लपेटकर नवजात बच्ची को रजवाहे के पास बने कमरे के निकट छोड़ा गया था। उन्होंने नवजात को उठाया और अपने साथ ले गए। रात को उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने बच्ची को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद बच्ची को बेसहारा छोड़कर जाने वालों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है।
गांव गढ़ी ब्राह्मणान निवासी राहुल ने सदर थाना पुलिस के बताया कि वह शाम को अपने दोस्त गांव के ही विनोद गहलोत के साथ महलाना रोड के साथ लगते रजवाहा पर घूमने निकले थे। जब वह ककरोई की तरफ जा रहे थे तब रजवाहे किनारे बने कमरे के पास उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। वह पास गए तो चुनरी में बच्ची लिपटी हुई मिली। उन्होंने उसे तुरंत उठाया और अपने घर ले गए। घर ले जाने के बाद उन्होंने बच्ची को अपनी मां को सौंपकर दूध पिलवाया। उसके साथ ही क्षेत्र में बच्ची के बारे में पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर देर रात उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद बच्ची को अपने सानिध्य में ले लिया है। पुलिस बच्ची के बारे में जानकारी जुटा रही है। सोनीपत में सवा माह के दौरान पांच नवजात मिल चुके है। जिसमें दो नवजात जीवित मिले हैं।