हरियाणा के सोनीपत के गांव सिसाना की गोशाला के 121वें वार्षिक उत्सव पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश भर में आज हरियाणा व्यापारियों की चाहत बन गया है। बड़े-बड़े व्यापारी हरियाणा में इंडस्ट्री लगाना चाहते हैं। पहले की सरकारों में जमीनों की सौदेबाजी होती थी।
विज्ञापन
वहीं साथ में कहा कि हरियाणा में किसी भी गोशाला ने जब भी कोई मांग रखी, पूरी की है। सोनीपत सिसाना गोशाला हरियाणा की बड़ी गोशाला में से एक है। गोसेवा करना बहुत नेक काम है। मां के दूध के अलावा गाय का दूध जरूरी है। हरियाणा की गोशाला का सरकार के पास भी लेखा जोखा जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले गोवंश को गोशालाओं व नंदीशालाओं तक पहुंचाने के लिए कमेटी बनाई जाएगी। सिसाना गोशाला से उनका काफी पुराना नाता रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में भी प्रदेश के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। हरियाणा के खिलाड़ी जहां भी जाते हैं, वहां पर छा जाते हैं। हरियाणा के खिलाड़ी अपनी पूरी भागीदारी निभाते हैं और देश के लिए पदक लेकर आने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
एक तिहाई पदक हरियाणा के खिलाड़ी ही लेकर आते हैं। बजरंग पूनिया और विशाल कालीरमन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना चयन जो आया है वह ठीक नहीं है।
मुख्यमंत्री ने चयन समिति तक पहुंचकर बात करने के लिए कहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के युवाओं को मन की बात व स्वच्छता अभियान कार्यक्रमों में शामिल करते रहते हैं। अब अंकित बैंयापुरिया ने भी प्रधानमंत्री के साथ स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।