कोरोना की तीसरी लहर के दौरान बंद की गई सोनीपत-बृजघाट रोडवेज बस सेवा मंगलवार को दोबारा शुरू कर दी गई। बस सेवा दोबारा शुरू होने से सोनीपत से बागपत व मेरठ होते हुए बृजघाट तक आवागमन सुचारु हो गया, जिससे यात्रियों को राहत मिली है। रोडवेज बस रोजाना सुबह 7:30 बजे सोनीपत बस अड्डे से बृजघाट के लिए चलाई जाएगी।
यात्रियों को कोरोना से बचाव को लेकर दूसरे राज्यों में आवागमन करने वाली रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। उसके बाद सोनीपत से दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यात्री इन मार्गों पर बसों को दोबारा चलाने की मांग कर रहे थे। अब तीसरी लहर का प्रकोप कम होने के बाद परिवहन विभाग की ओर से दोबारा से उन मार्गों पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है, जिन पर काफी दिन से बसों को नहीं चलाया जा रहा था।
वर्जन
कोरोना के चलते दूसरे राज्यों में जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। तीसरी लहर का प्रकोप कम होने के कारण बंद रूट पर दोबारा से बसों को चलाने के निर्देश दिए हैं। दूसरे राज्यों में जाने वाले यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसको लेकर विभाग की ओर से बृजघाट के लिए बस संचालन शुरू कर दिया है।
- राहुल जैन, महाप्रबंधक रोडवेज