मुरथल। गांव भिगान टोल प्लॉजा के पास मंगलवार को गाडिय़ों में फास्टैग लगवाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने इस दौरान गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
गांव पिपलीखेड़ा निवासी हजारी ने मंगलवार रात मुरथल थाना पुलिस को बताया कि वह आरओ प्लांट चलाता है। इसके साथ ही वह अपने युवकों से गाड़ियों में फास्टैग लगवाने का काम करवाता है। वहां पर लल्हेड़ी का सोनू-मोनू भी फास्टैग लगवाने का काम करते हैं। मंगलवार को अपने युवकों के साथ फास्टैग लगवाने का काम करवा रहा था। इसी दौरान गांव रिढाऊ निवासी अंकित अपने दोस्त लल्हेड़ी के सोनू-मोनू व सात-आठ अन्य के साथ टोल प्लॉजा पर पहुंचा। उन्होंने धमकी दी कि टोल प्लॉजा पर गाड़ियों में फास्टैग लगवाने का काम सिर्फ वहीं करेंगे। उसने मेरे साथ ही मेरे साथी अमित व राकेश को धमकी देते हुए कहा कि अगर यहां दोबारा दिखाई दिए तो जान से मार देगा। जब उन्होंने विरोध किया तो अंकित ने पिस्तौल निकाल लिया, जिससे वह डरकर भागने लगे। इसी बीच अंकित ने फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी।
मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित कुमार ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो कोई नहीं मिला। रात को मामले की शिकायत मिली है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।