हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना कस्बे में बारिश के साथ आई तेज आंधी से सोनीपत रोड स्थित सब्जी मंडी के लोहे के दोनों बड़े शेड ढह गए। शेडों के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई। 17 घायल हो घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। शेड के मलबे में दबने से दो दर्जन वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा एक गाय की भी दबने से मौत हो गई। प्रशासन और पुलिस की ओर राहत बचाव कार्य जारी है।
गुरुवार शाम साढ़े चार बजे गोहाना में बारिश के साथ तेज आंधी आई। बारिश से बचने के लिए करीब 100 लोग सब्जी मंडी में बने शेडों के नीचे जाकर खड़े हो गए। इनमें सब्जी विक्रेता (मासाखोर) और ग्राहक थे। आंधी की वजह से सब्जी मंडी के दोनों शेड अचानक गिर गए, जिससे उनके नीचे दबने से गोहाना के देवीपुरा निवासी सब्जी विक्रेता जगमहेंद्र और गांव रभड़ा से सब्जी लेने आए संदीप की मौत हो गई।
हादसे में बिहार के लक्ष्मी कुमार, शिवनाथ, बिहार के बेगुसराय के शिव, बस्तर जिले के सतीश, गोहाना के सिवानका गांव के प्रिंस, इंद्र गढ़ी कॉलोनी निवासी पवन, गांव पूठी निवासी कर्मवीर, गांव शामड़ी निवासी दिनेश, गांव बड़ौता निवासी जगदीश व गुरुवंश, गांव गढ़ी सराय नामदार खां निवासी सुरजीत व हरीश, गांव नगर निवासी राजपाल, महमूदपुर निवासी सुरेश, रोहतक के मुकेश और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
घायलों को सरकारी और निजी अस्पतालों में ले जाया गया। शिव कुमार, पवन और एक अज्ञात व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। शेड के निकट ही मार्केट कमेटी के कार्यालय में दो पेड़ भी टूट कर गिर गए। एसडीएम आशीष वशिष्ठ, शहर थाना प्रभारी बदन सिंह ने मौके पर पहुंच कर बुलडोजर और क्रेन मंगवाकर राहत कार्य शुरू करवाए। शेडों के नीचे फंसे लोगों को निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, गोहाना हलका के विधायक जगबीर सिंह मलिक और बरोदा हलका से विधायक इंदुराज नरवाल, चेयरपर्सन रजनी विरमानी और भाजपा जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा अस्पताल पहुंच कर मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और घायलों का हाल जाना। बाद में घटनास्थल का जायजा लिया।
सीएम मनोहर लाल ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 5 लाख की सहायता की घोषणा
गोहाना की घटना पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दुख जताया है, उन्होंने कहा कि आंधी के कारण गोहाना की नई सब्जी मंडी का शेड गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जानमाल की क्षति दुखदायी है। घटना में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति तथा घायलों के अतिशीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। दुर्घटना में दिवंगत लोगों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।