सोनीपत। रोडवेज डिपो परिसर में वीरवार को पेंशन बहाली संघर्ष समिति की बैठक जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजीत पहल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूप लाठर पहुंचे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाल न होने पर वोट न देने का संकल्प लिया।
अनूप लाठर ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल न करने से प्रदेश के सभी विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों में नाराजगी है। इसको लेकर पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा की तरफ वोट फॉर ओपीएस की मुहिम चलाई गई है। अनुप लाठर व मंजीत पहल ने कहा कि नवनियुक्त मुख्यमंत्री को चाहिए कि प्रदेश में लंबे समय से उठ रही पुरानी पेंशन बहाली की मांग को जल्द पूरा करें। सभी कर्मचारी व अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहा हैं। 11 फरवरी को जींद में आयोजित महारैली में पेंशन बहाली संघर्ष समिति की तरफ से सभी कर्मचारियों को वोट फॉर ओपीस की शपथ दिलाई गई थी। जिसमें सभी कर्मचारी, अधिकारियों ने शपथ ली थी कि इस बार कर्मचारी और उनके परिवार उस पार्टी को वोट करेंगे जो पहली कैबिनेट मीटिंग में ओपीएस बहाल करने का वादा करेगी। बैठक में रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा महासंघ के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलबाग मलिक, संदीप सांगवान, हरपाल, मनीष शर्मा, राकेश, अमित, सोमबीर दहिया, विकास मौजूद रहे।