सोनीपत। कोरोना महामारी का प्रभाव भले ही कम हो गया हो, लेकिन अभी भी परिवहन सेवा से वंचित सभी रूटों पर बस सेवाएं बहाल नहीं हो पाई हैं। रोडवेज अधिकारी धीरे-धीरे बंद पड़े रूटों पर रोडवेज बस सेवा शुरू कर रहे हैं। इस कड़ी में फरमाणा-दिल्ली, मोई हुड्डा व घसौली रूट पर बस सेवा शुरू की गई है। जिससे इन रूटों पर आने वाले गांवों के यात्रियों को फायदा पहुंचेगा। बस सेवा बंद होने से इन रूटों के यात्रियों को शहर आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रोडवेज अधिकारियों द्वारा बस सेवा शुरू करने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
परिवहन विभाग की ओर से सोनीपत बस अड्डे पर 197 बसें स्वीकृत है। वर्तमान में यहां रोडवेज की महज 65 बसें, जबकि किलोमीटर स्कीम के तहत 43 बसें चल रही हैं। दूसरी ओर गोहाना सब डिपो में 63 बसों का बेड़ा स्वीकृत है, वहां रोडवेज की 41 बसें व किलोमीटर स्कीम के तहत 21 बसें चलाई जा रही हैं। सड़कों पर दौड़ने वाली इन बसों में से भी रोजाना 10 से अधिक बसें बीच रास्ते में खराब हो जाती है। जबकि कुछ बसें चालक-परिचालकों के अभाव में वर्कशॉप में खड़ी हैं।
ग्रामीण कई बार कर चुके हैं बस सेवा शुरू करने की मांग
जिन तीन रूटों पर बस सेवा शुरू की गई है, इन रूटों पर बड़ी संख्या में यात्री रोज सोनीपत आवागमन करते हैं। रोडवेज बस न चलने से इन्हें निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था। ग्रामीण कई बार इस रूटों पर बस सेवा बहाल करने की मांग कर चुके थे। ग्रामीणों की परेशानियों को देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने तीनों रूटों पर बस सेवा शुरू कर दी है।
वर्जन
बस अड्डे से तीन रूटों पर बस सेवा शुरू की गई है। जिसका यात्रियों को फायदा मिलेगा। अधिकतर रूटों पर बस सेवा बहाल कर दी गई है। जिन रूटों पर बसों की कमी चल रही है वहां नई बसें आने के बाद उसे भी दूर कर दिया जाएगा। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
कर्मबीर, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत।